मोहम्मद इसहाक मदनी, ब्यूरो चीफ, मैहर (मप्र), NIT:
जिले के अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मुकुंदपुर में शहिनशाह-ए-औलिया हजरत शाह ताजुल औलिया मुहिब्बे अली रहमतुल्लाह अलैह का 798वां उर्स श्रद्धा और अकीदत के साथ मनाया जा रहा है। उर्स के दूसरे कुल के मौके पर बड़ी संख्या में अकीदतमंद दरगाह शरीफ पर पहुंचकर जियारत कर रहे हैं।
तकिया दरगाह इंतजामिया कमेटी मुकुंदपुर के अध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन ने बताया कि इस वर्ष उर्स के अवसर पर दरगाह शरीफ को करीब एक लाख रुपये के फूल-मालाओं से सजाया गया है। रोजा इफ्तार और सेहरी करने वालों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। साथ ही जियारत के लिए आने वाले अकीदतमंदों के लिए पेट भर भोजन कराने का भी पुख्ता इंतजाम किया गया है।
उर्स मेले के दौरान लगभग 500 के करीब रंग-बिरंगी दुकानें भी सजाई गई हैं, जहां दूर-दराज से आए लोग खरीदारी कर रहे हैं।
मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त निगरानी रखी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी तैनात है। राजस्व विभाग की ओर से एसडीएम आरती सिंह, तहसीलदार आर.डी. साकेत और नायब तहसीलदार अनिल कुमार सिंह पटेल सहित अन्य अधिकारी लगातार व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
वहीं सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस अधीक्षक मैहर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी अमरपाटन ख्याति मिश्रा, थाना प्रभारी महेंद्र कुमार मिश्रा और पुलिस चौकी प्रभारी नागेश्वर मिश्रा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। कुछ पुलिसकर्मी वर्दी में और कुछ सादे कपड़ों में भी तैनात हैं।
सुरक्षा के लिए पूरे क्षेत्र में ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा सीआईडी की टीम भी लगातार निगरानी कर रही है और पल-पल की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे रही है।
उर्स के अवसर पर सुबह 10 बजे गुस्लखानी और चादरपोशी की रस्म अदा की गई, जिसमें आलिम, मुफ्ती, हाफिज और कारीयों ने शिरकत की। इसके बाद अकीदतमंदों के लिए खाना और तबर्रुक की व्यवस्था भी की गई।
उर्स में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चारों ओर पार्किंग की व्यवस्था की गई है और सभी पार्किंग स्थलों पर पुलिस व सशस्त्र बल की तैनाती की गई है।
