जीआरपी विदिशा ने मेमो ट्रेन में 10 लाख रुपये से भरे बैग की चोरी का किया खुलासा | New India Times

अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:


जीआरपी विदिशा ने मेमो ट्रेन में 10 लाख रुपये से भरे बैग की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9 लाख 36 हजार रुपए नगद, एक मोबाइल फोन, बैग और मोबाइल चार्जर सहित लगभग  9 लाख 43 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है।

06 अक्टूबर को फरियादी अपने मालिक के निर्देश पर बीना स्थित एक प्लायवुड दुकान से 10 लाख रुपए की राशि लेने गया था। राशि प्राप्त करने के बाद उसने 500-500 रुपये की 20 गड्डियां अपने काले रंग के पिट्ठू बैग में रखीं और बीना से भोपाल जाने वाली मेमो ट्रेन में सवार हो गया। गंजबासौदा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में भीड़ अधिक होने के कारण उसने बैग को सीट के ऊपर लगी रेलिंग पर रख दिया। इसके बाद नींद लग जाने से उसे बैग के गायब होने का पता  चला। विदिशा रेलवे स्टेशन पर जागने के बाद बैग नहीं मिलने पर उसने जीआरपी थाना विदिशा में शिकायत दर्ज कराई। इस पर अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रेल भोपाल श्री अंकित जायसवाल के निर्देशन  में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने फरियादी के आने-जाने के मार्गों एवं संबंधित स्थानों पर लगे लगभग 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। विवेचना के दौरान प्राप्त संदिग्ध के हुलिए का रेल इकाई भोपाल के विभिन्न थानों में पूर्व अपराधों में संलिप्त आरोपियों के रिकॉर्ड से मिलान किया गया। तकनीकी एवं मैदानी जांच के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया काले रंग का बैग, 9 लाख 36 हजार रुपए नगद, फरियादी का मोबाइल चार्जर तथा चोरी की रकम से खरीदा गया मोबाइल फोन जब्त किया।  मध्यप्रदेश पुलिस रेल यात्रियों से अपील करती है कि यात्रा के दौरान अपने सामान एवं नकदी की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। कीमती सामान को खुला या अपने से दूर न रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे पुलिस को दें।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.