आशिफ शाह, ब्यूरो चीफ भिंड (मप्र), NIT:
भिण्ड कलेक्टर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि सड़कों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सड़क किनारे कहीं भी गिट्टी न डाली जाए और सभी सड़कें पूर्णतः अतिक्रमण मुक्त रखी जाएं।
वाहनों की अधिकतम गति सीमा 60 किमी प्रति घंटा निर्धारित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। ओवरस्पीडिंग पर नियंत्रण के लिए डिटेक्शन कैमरे तत्काल लगाने के भी निर्देश दिए गए।
टू-व्हीलर चालकों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी व्यक्ति शराब या अन्य मादक पदार्थ का सेवन कर वाहन न चलाए तथा बिना हेलमेट के वाहन चलाते पाए जाने पर अधिकतम चालानी कार्रवाई की जाए।
शहर के प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी। इंदिरा गांधी चौराहा, लहार चुंगी चौराहा, सुभाष तिराहा और भारौली तिराहा पर सिग्नल लगाने की टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है।
नगर पालिका भिण्ड को निर्देश दिए गए हैं कि शीघ्र ही चारों स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल स्थापित कराए जाएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सड़क की भूमि पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न हो और पैदल मार्ग सदैव साफ-सुथरे रहें।

