मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
समाज सुधार और स्वच्छता के महान प्रेरणास्रोत संत गाडगे महाराज की 150वीं जयंती हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी जिला बुरहानपुर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम का आयोजन हरीश नारायण चंदेल, अध्यक्ष, शिव धोबी रजक समाज ट्रस्ट, जिला बुरहानपुर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। संपूर्ण समाज ने “गोपाला गोपाला देवकी नंदन गोपाला” के उद्घोष के साथ एकत्रित होकर सामूहिक रूप से संत गाडगे महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर समाजजन राजघाट स्थित ताप्ती नदी के पावन तट पर एकत्रित हुए। कार्यक्रम में संत गाडगे महाराज के जीवन, उनके स्वच्छता अभियान, समाज सुधार, अंधविश्वास उन्मूलन और सेवा भाव पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज के उत्थान और स्वच्छता के लिए समर्पित कर दिया।
माँ ताप्ती के प्रति समाज की गहरी आस्था को दर्शाते हुए कार्यक्रम में ताप्ती सेवा समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य भी शामिल हुए। ताप्ती सेवा समिति बुरहानपुर की अध्यक्ष सरिता राजेश भगत ने अपने विचार व्यक्त करते हुए संत गाडगे महाराज के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं समाजजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इनमें सचिव रूपेश चौधरी, कोषाध्यक्ष मनोज चंदेल, उपाध्यक्ष पूनम चंदेल, जितेंद्र चंदेल, दिनेश चौहान, नंदकिशोर मोहनलाल चंदेल, केशव चंदेल, निलेश चंदेल, भूपेंद्र वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

