शहरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए महापौर की सतत निगरानी, सभी वार्डों में पाइपलाइन मरम्मत कार्य जारी | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

इंदौर में घटित एक हालिया घटना के बाद भले ही प्रदेश स्तर पर प्रशासन की सक्रियता को लेकर सवाल उठ रहे हों, लेकिन बुरहानपुर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। शहर में पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए पाइपलाइनों की मरम्मत एवं दुरुस्तीकरण का कार्य निरंतर जारी है। बुरहानपुर की महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल द्वारा प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से नियमित रूप से इसकी जानकारी दी जा रही है।

महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर में पेयजल से संबंधित शिकायतों का तत्काल निराकरण किया जाए। इसके तहत नगर निगम की टीमें 24 घंटे पाइपलाइन रिपेयरिंग एवं मेंटेनेंस कार्य में लगी हुई हैं तथा निगम इस मामले में पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। नागरिकों की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।

नगर निगम द्वारा पेयजल संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 9630028148 एवं 07325-255019 जारी किए गए हैं, जिन पर नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

बुधवार को नगर निगम द्वारा बुधवारा वार्ड में पाइपलाइन रिपेयरिंग, ट्रांसपोर्ट नगर में पाइपलाइन दुरुस्तीकरण तथा लालबाग गांधी कॉलोनी में पाइपलाइन से पानी नहीं आने की समस्या का समाधान किया गया। इसके अलावा अंसार नगर में पार्षद अबरार भाई के निवास के पास एक्स्कावेशन कर पाइपलाइन रिपेयरिंग कार्य किया गया। लोहार मंडी में पाइपलाइन वाल्व की मरम्मत की गई, वहीं प्रतापपुरा अंबेडकर नगर वार्ड सहित अन्य वार्डों में भी दुरुस्तीकरण कार्य लगातार जारी है।

महापौर के निर्देश पर शहर के सभी वार्डों में पाइपलाइन लीकेज सुधार, वाल्व रिपेयरिंग एवं दुरुस्तीकरण का कार्य निरंतर किया जा रहा है।

महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल ने बताया कि नलों में प्रेशर की कमी, पाइपलाइन लीकेज, वाल्व सुधार, चैनलाइजेशन तथा पाइपलाइनों के बीच निर्धारित दूरी बनाए रखने जैसे कार्यों में पूरा अमला जुटा हुआ है। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं द्वारा घर-घर जाकर पानी के सैंपल एकत्र कर जल गुणवत्ता की जांच भी की जा रही है।

महापौर ने जल विभाग के कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्वयं सहायता समूह की टीमों के साथ समन्वय बनाकर प्रत्येक वार्ड में जल परीक्षण का कार्य सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि शहर के प्रत्येक नागरिक तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचे।

इस अवसर पर सहायक यंत्री अशोक पाटिल, उपयंत्री सुनील चौहान, सौरव वर्मा, संतोष सुखदाने, नितिन तिवारी सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

By nit