छिंदवाड़ा में नशे में स्कूल पहुंचे शिक्षक, अभिभावकों से बोले: ‘हां, मैंने शराब पी रखी है’ | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

छिंदवाड़ा में नशे में स्कूल पहुंचे शिक्षक, अभिभावकों से बोले: ‘हां, मैंने शराब पी रखी है’ | New India Times

मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के तामिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम बंजारी गुड़ी स्थित प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षक कुंवरलाल भारती के रोजाना शराब के नशे में स्कूल आने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। शिक्षक पर नियमित रूप से नशे की हालत में विद्यालय पहुंचकर बच्चों को पढ़ाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

मंगलवार को शिक्षक की इस कथित मनमानी से परेशान होकर बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंचे और शिक्षक को शराब पीकर विद्यालय आने से मना किया। आरोप है कि इस दौरान शिक्षक कुंवरलाल भारती ने अभिभावकों से अभद्र भाषा में बात की और उन्हें धमकाते हुए कहा, “हां, मैंने शराब पी रखी है।”

ग्रामीणों द्वारा शिक्षक का पंचनामा भी तैयार किया गया, जिसे शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भेजा गया है, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने पूरे मामले को जांच में ले लिया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, प्राप्त शिकायतों के आधार पर प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था के साथ-साथ विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा और उनके भविष्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

“नशे की हालत में स्कूल क्यों आए?”

अभिभावकों का कहना है कि जब उन्होंने शिक्षक से कहा कि आप एक शिक्षक हैं और नशे की हालत में बच्चों को पढ़ाना आपको शोभा नहीं देता, तो शिक्षक ने जवाब दिया कि वह बच्चों को न तो गलत शब्द बोलते हैं और न ही गलत सिखाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि “यहां कई आए और चले गए, मेरा कुछ नहीं हुआ।”

इतना ही नहीं, शिक्षक ने ग्रामीणों से यह तक कह दिया कि “मैं तुम लोगों की तरह शराबी नहीं हूं।” इस पर ग्रामीणों ने पलटकर सवाल किया कि अगर ऐसा है, तो फिर वे नशे की हालत में स्कूल क्यों आए हैं?

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article