महाराष्ट्र राज्य हज कमेटी में गैर-मुस्लिम सीईओ की नियुक्ति पर आपत्ति, प्रतिनिधिमंडल ने हज कमेटी ऑफ इंडिया के सीईओ को सौंपा ज्ञापन | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

महाराष्ट्र राज्य हज कमेटी में श्री मनोज जाधव नामक एक गैर-मुस्लिम अधिकारी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पद पर नियुक्ति को लेकर मुस्लिम समाज में गहरी नाराज़गी व्याप्त है। मुंबई शहर की विभिन्न मुस्लिम सामाजिक संस्थाओं ने इस नियुक्ति पर कड़ा ऐतराज़ जताया है। कई संगठनों द्वारा इस नियुक्ति को न्यायालय में भी चुनौती दी गई है।

मुस्लिम समाज और संगठनों का स्पष्ट मत है कि हज जैसे अत्यंत पवित्र और संवेदनशील धार्मिक दायित्व की प्रकृति, उसकी जटिलताओं और उससे जुड़ी समस्याओं को बेहतर ढंग से समझने के लिए इस महत्वपूर्ण पद पर किसी मुस्लिम अधिकारी की नियुक्ति अधिक उपयुक्त और प्रभावी हो सकती है। समाज का मानना है कि इससे हज यात्रियों की समस्याओं का समाधान अधिक संवेदनशीलता और दक्षता के साथ किया जा सकेगा।

इसी विषय को लेकर मुंबई की जानी-मानी शख़्सियत एडवोकेट यूसुफ़ अब्राहानी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को हज कमेटी ऑफ़ इंडिया, मुंबई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री शहनवाज़ सी (आईएएस) से हज हाउस स्थित उनके कार्यालय में भेंट की।

प्रतिनिधिमंडल ने महाराष्ट्र राज्य हज कमेटी में गैर-मुस्लिम सीईओ की नियुक्ति को लेकर आम जनता और विशेष रूप से मुस्लिम समाज में व्याप्त असंतोष और रोष से उन्हें अवगत कराया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी की ओर से एक औपचारिक ज्ञापन भी सौंपा गया।

केंद्रीय हज कमेटी ऑफ़ इंडिया, मुंबई के सीईओ श्री शहनवाज़ सी (आईएएस) ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि वे इस ज्ञापन को शीघ्र ही केंद्रीय हज कमेटी के संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुँचाएंगे, ताकि इस विषय पर सकारात्मक एवं न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

इस प्रतिनिधिमंडल में एडवोकेट यूसुफ़ अब्राहानी के साथ समाजवादी पार्टी दक्षिण मुंबई के अध्यक्ष नूर मोहम्मद मुन्ना, सामाजिक कार्यकर्ता मुशीर अहमद अंसारी, मोहम्मद अली शेख, डॉ. अलाउद्दीन, आरिफ़ अंसारी एवं अब्दुल हमीद लाला शामिल रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article