इदरीस मंसूरी, ब्यूरो चीफ, गुना (मप्र), NIT:
कोटा–इटावा एक्सप्रेस में सफर कर रहे मुरैना जिले के एक दंपत्ति चोरी की वारदात का शिकार हो गए। अज्ञात बदमाश ने चलती ट्रेन में महिला के सिर के पास रखा लेडीज बैग चोरी कर लिया। जीआरपी शिवपुरी द्वारा शून्य पर मामला दर्ज किए जाने के बाद अब जीआरपी गुना ने अपराध कायम कर जांच शुरू कर दी है।
म्याना स्टेशन के पास हुई वारदात
फरियादी अमृतलाल राजौरिया, निवासी मुरैना ने बताया कि वह अपनी पत्नी विट्टो के साथ सोमवार को ट्रेन संख्या 19811 (कोटा–इटावा एक्सप्रेस) के कोच एस-4 में बारां से ग्वालियर की यात्रा कर रहे थे। गुना स्टेशन तक बैग उनके पास ही था, लेकिन जैसे ही ट्रेन म्याना स्टेशन के पास पहुंची, उन्होंने देखा कि पत्नी के सिर के पास रखा बैग गायब है।
जेवरात और नकदी सहित लाखों का सामान चोरी
चोरी गए लेडीज बैग में 19 ग्राम सोने की चेन, 16 सोने के मोती, नाक का कांटा, चांदी की चूड़ियां और बिछिया के साथ 18 हजार रुपये नगद रखे थे। इसके अलावा बैग में 14,500 रुपये कीमत का रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन भी था। कुल मिलाकर करीब एक लाख रुपये से अधिक का कीमती सामान चोरी हुआ है।
जीआरपी गुना ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ धारा 305(सी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
