अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
राजधानी भोपाल में साइबर ठगों ने सेज यूनिवर्सिटी के CMD के नाम और पहचान का इस्तेमाल कर करीब ₹1 करोड़ 90 लाख की साइबर ठगी करने की कोशिश की, लेकिन कटारा हिल्स पुलिस की तत्परता से ठगों की योजना समय रहते नाकाम हो गई।
जानकारी के मुताबिक, साइबर ठगों ने सेज यूनिवर्सिटी के CMD बनकर अकाउंटेंट को WhatsApp के माध्यम से संपर्क किया और ₹1 करोड़ 90 लाख का अर्जेंट पेमेंट करने के निर्देश दिए। ठगों ने जिस बैंक खाते में राशि ट्रांसफर कराने की कोशिश की, उसे बेनिफिशियरी के तौर पर जुड़वाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी थी।
इसी दौरान अकाउंटेंट को WhatsApp अकाउंट में कुछ संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं। संदेह होने पर उन्होंने तत्काल कटारा हिल्स पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना देरी किए WhatsApp की सपोर्ट टीम से संपर्क किया और संबंधित अकाउंट को रिकवर कराया।
जांच के दौरान सामने आया कि सेज यूनिवर्सिटी के CMD की ओर से ऐसा कोई पेमेंट मैसेज भेजा ही नहीं गया था। इसके बाद स्पष्ट हुआ कि साइबर ठगों ने CMD की पहचान का दुरुपयोग कर अकाउंटेंट को झांसे में लेने और बड़ी रकम ट्रांसफर कराने की कोशिश की थी।
कटारा हिल्स पुलिस की समय पर की गई कार्रवाई के चलते करीब ₹1.90 करोड़ की संभावित साइबर ठगी टल गई। पुलिस अब इस पूरे मामले में ठगों के इस्तेमाल किए गए नंबर, WhatsApp अकाउंट और बैंक खाते समेत अन्य डिजिटल सुरागों की जांच कर रही है।

