मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
आगामी गर्मी के मौसम और लू के संभावित प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में ‘सिटी हीट एक्शन प्लान’ तैयार करने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें एक्सपर्ट पैनल और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। बैठक का उद्देश्य भीषण गर्मी के दौरान शहरवासियों को राहत प्रदान करना और हीट स्ट्रोक जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण करना रहा।
नगर आयुक्त विपिन कुमार मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि इस एक्शन प्लान का मुख्य फोकस दिन के समय बाहर रहने वाले आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि शहर में ग्रीन एरिया नेटवर्क को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा, जिससे प्राकृतिक छाया का विस्तार हो सके और तापमान के प्रभाव को कम किया जा सके।
बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। सड़कों के किनारे अधिक से अधिक छायादार वृक्ष लगाए जाएंगे, ताकि राहगीरों को धूप से राहत मिल सके। ट्रैफिक सिग्नलों पर रेड लाइट के दौरान खड़े दोपहिया वाहन चालकों एवं यात्रियों को तेज धूप से बचाने के लिए विशेष व्यवस्थाओं पर भी विचार किया गया।
इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया, जिससे राहगीरों को ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सके। यह व्यवस्था पशु-पक्षियों को ध्यान में रखते हुए भी की जाएगी। साथ ही पेड़-पौधों के संरक्षण के लिए नियमित सिंचाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
नगर आयुक्त ने यह भी बताया कि ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों और बड़े अपार्टमेंट्स में बने कम्युनिटी सेंटर्स का उपयोग गर्मी से बचाव के लिए किया जा सकता है। योजना के तहत इन केंद्रों को इस प्रकार आमजन के लिए खोला जाएगा कि स्थानीय निवासियों की सुविधाएं प्रभावित न हों।
इसके अतिरिक्त नगर निगम क्षेत्र में पहले से मौजूद यात्री शेडों की मरम्मत कराई जाएगी तथा शहर में 10 नए यात्री शेड बनाए जाने की भी तैयारी है, जिससे लोगों को धूप से बचने के लिए सुरक्षित ठहराव मिल सके।
बैठक में नगर आयुक्त विपिन कुमार मिश्र के साथ अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

