बारहवीं के बाद क्या करें? विद्यार्थियों और अभिभावकों को मिली महत्वपूर्ण सलाह | New India Times

इमरान खान, जलगांव (महाराष्ट्र), NIT:

इकरा शाहीन उर्दू हाईस्कूल एंड जूनियर कॉलेज, मेहरूण, जलगांव में अभिभावक मार्गदर्शन सभा का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, बारहवीं के बाद उच्च शिक्षा के अवसर और करियर के सही चुनाव को लेकर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का मार्गदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में अभिभावकों की उपस्थिति कार्यक्रम की विशेषता रही।

कार्यक्रम का प्रास्ताविक प्राचार्य रियाज शाह ने किया। उन्होंने अभिभावकों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा में विद्यालय और अभिभावकों के समन्वय के महत्व पर प्रकाश डाला। जूनियर कॉलेज के प्रभारी जाकिर सर ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का आढावा प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता इकरा एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. अब्दुल करीम सालार ने की। प्रमुख अतिथि के रूप में आसिफ शाह, वसीम चौधरी एवं डॉ. हारून बशीर उपस्थित रहे।

इस अवसर पर डॉ. हारून बशीर ने विद्यार्थियों को बारहवीं के बाद उच्च शिक्षा के विभिन्न अवसरों, करियर चयन और भविष्य के लक्ष्य निर्धारित करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि, क्षमता और उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए आगे की शिक्षा की दिशा तय करने का आह्वान किया।

इसके बाद आसिफ शाह ने विद्यार्थियों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से दूरी बनाए रखने तथा अपना ध्यान पढ़ाई और भविष्य के लक्ष्यों पर केंद्रित करने की सलाह दी। उन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर अपने बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूकता दिखाने वाले अभिभावकों की सराहना की और अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता को विद्यार्थियों की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताया।

अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. अब्दुल करीम सालार ने बदलते समय की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से ज्ञान के साथ आवश्यक कौशल विकसित करने और तकनीक का सही एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, अच्छे संस्कार, जिम्मेदारी की भावना और सकारात्मक सोच विकसित करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी क्षमताओं का सदुपयोग करते हुए व्यक्तिगत प्रगति के साथ परिवार, समाज और देश के विकास में योगदान देने की अपील की।

कार्यक्रम का संचालन सुहैल अमीर ने किया। आयोजन को सफल बनाने में शगुफ्ता मैडम, नाज़मीन मैडम एवं  अन्य शिक्षकों ने विशेष सहयोग किया। अभिभावकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों की उत्स्फूर्त सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.