लोढ़ी टोल प्लाजा पर महिला अधिवक्ता से मारपीट का मामला, दोषी टोल कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग | New India Times

शरीफ़ अहमद खान, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र (यूपी), NIT:

New India Times

लोढ़ी टोल प्लाजा पर टोल कर्मियों द्वारा एक महिला अधिवक्ता के साथ मारपीट किए जाने के मामले में संयुक्त अधिवक्ता महासंघ उत्तर प्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष राकेश शरण मिश्र ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने इस घटना के दोषी टोल कर्मियों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई एवं लोढ़ी टोल प्लाजा का टेंडर निरस्त किए जाने की मांग को लेकर माननीय मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी सोनभद्र एवं पुलिस अधीक्षक सोनभद्र को पत्र लिखा है।

संयुक्त अधिवक्ता महासंघ उत्तर प्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष एवं बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के प्रत्याशी राकेश शरण मिश्र ने इस घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए इसे टोल कर्मियों की गुंडागर्दी करार दिया। उन्होंने कहा कि यह समस्या केवल सोनभद्र जनपद तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के अधिकांश टोल प्लाजा पर आए दिन अधिवक्ताओं के साथ मारपीट की घटनाएँ सामने आ रही हैं।

श्री मिश्र ने कहा कि प्रदेश की पुलिस व्यवस्था इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में असफल सिद्ध हो रही है। टोल कर्मियों द्वारा बार-बार किया जा रहा यह कृत्य अत्यंत निंदनीय और कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है।

उन्होंने प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री एवं अन्य उच्चाधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही दोषी टोल कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो सोनभद्र सहित पूरे प्रदेश के अधिवक्ता प्रदेशव्यापी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article