शमसुद्दोहा, ब्यूरो चीफ, गोरखपुर (यूपी), NIT:
पीपीगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत बैरघट्टा पुल के पास तीन दिनों से रहस्यमयी बनी अज्ञात महिला की हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। जांच में सामने आया कि मृतका मुंबई निवासी एक महिला थी, जिसकी बेरहमी से हत्या कर शव को पुल के नीचे झाड़ियों में फेंक दिया गया था। इस जघन्य हत्याकांड को किसी और ने नहीं, बल्कि मृतका के प्रेमी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर अंजाम दिया।
गोरखपुर के पीपीगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब बैरघट्टा पुल के नीचे झाड़ियों में एक महिला की निर्वस्त्र लाश बरामद हुई। सूचना मिलते ही पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुँची और साक्ष्य जुटाए। महिला का सिर कुचला हुआ था, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई।
जांच आगे बढ़ने पर सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने मृतका की पहचान 35 वर्षीय प्रिया शेट्टी, निवासी मुंबई के रूप में की। पुलिस के अनुसार, प्रिया चार दिन पहले अपने प्रेमी विजय की तलाश में मुंबई से ट्रेन द्वारा गोरखपुर पहुँची थी, जिसका ट्रेन टिकट भी पुलिस ने बरामद किया है।
तिघरा-पीपीगंज निवासी विजय ने प्रिया को गाँव ले जाने के बजाय पीपीगंज नगर पंचायत क्षेत्र में एक किराए के मकान में ठहराया और आधार कार्ड बनवाने व शादी का झांसा देकर उसे भरोसे में रखा। इसी बीच विजय ने पूरे मामले की जानकारी अपनी पत्नी को दे दी।
पत्नी ने अपने पति के साथ मिलकर प्रिया से छुटकारा पाने की साजिश रची। गुरुवार की रात प्रिया को किसी बहाने नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया गया और दोनों उसे स्कूटी से करीब चार किलोमीटर दूर बैरघट्टा पुल के नीचे ले गए। पहले गला कसकर उसकी हत्या की गई, फिर पहचान मिटाने के उद्देश्य से ईंट-पत्थर से सिर कुचल दिया गया। इसके बाद शव को गोबरहिया नाले के पास झाड़ियों में फेंक दिया गया।
शुक्रवार सुबह टहलने निकले लोगों ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर एसएसपी राजकरन नय्यर मौके पर पहुँचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, हत्या कहीं और की गई थी और शव को ठिकाने लगाने के लिए यहां फेंका गया। घटनास्थल के पास घसीटने के निशान भी मिले हैं।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी विजय, पीपीगंज थाना क्षेत्र के तिघरा गांव का निवासी है और पहले से शादीशुदा है। वह मुंबई में एक निजी कंपनी में इंजीनियर के रूप में कार्यरत था, जहाँ उसकी पहचान प्रिया से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बने।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। लोगों का कहना है कि यह मामला न केवल रिश्तों पर सवाल खड़े करता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि विश्वास के नाम पर किस तरह एक महिला की जान ले ली गई।
