अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
भोपाल के वीआईपी रोड पर एक ही मोटरसाइकिल पर सात युवकों द्वारा खतरनाक तरीके से वाहन चलाने और यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भोपाल पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना तलैया पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया है और वाहन को जप्त कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो के सामने आने के बाद थाना तलैया में अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध अपराध क्रमांक 21/2025 दर्ज किया गया। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 125, 281 तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 129, 184 और 190(2) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त जोन-03, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-03 एवं सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली संभाग के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक डहेरिया द्वारा विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मोटरसाइकिल व युवकों की पहचान की।
पुलिस जांच में वाहन चालक आदिल सहित पीछे बैठे युवक सईद, समीर और चार नाबालिगों की पहचान कर उन्हें पकड़ा गया। घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक MP04 ZU 0612 को जप्त कर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक डहेरिया सहित पुलिस टीम के प्र.आर. 1305 विमल कुमार भारती, प्रआर.3546 पुष्पेन्द्र सिंह, प्रआर.2859 ओमप्रकाश वर्मा, आर.986 धर्मेन्द्र रघुवंशी, आर.2556 पवन तिवारी, आर.3659 प्रयाग कुमार, आर.3836 देवेन्द्र, आर.1661 अमित और आर.3280 विकास सातनकर की सराहनीय भूमिका रही।
भोपाल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन और स्टंटबाजी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

