नाबालिग पर चाकू से जानलेवा हमला, जिला अस्पताल से ट्रामा सेंटर रेफर, ग्राम प्रधान पर संगीन आरोप | New India Times

गणेश मौर्या, ब्यूरो चीफ, अंबेडकर नगर (यूपी), NIT:

अम्बेडकर नगर जनपद के कोतवाली अकबरपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत हरिश्चंद्रपुर में एक नाबालिग लड़की पर चाकू से हमले की गंभीर घटना सामने आई है। आरोप है कि ग्राम प्रधान शैलेन्द्र कुमार गौतम से जुड़ा मामला है, हालांकि पुलिस द्वारा इसकी जांच की जा रही है।

घटना के बाद घायल नाबालिग को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे ट्रामा सेंटर पीजीआई सद्दरपुर, टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल पीड़िता जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।

सूचना मिलते ही रात में ही अकबरपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने गांव के दो युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मौके से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसे जांच में शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

सामाजिक कार्यकर्ता व हिन्दू युवा वाहिनी के निवर्तमान जिला अध्यक्ष सूर्यमणि यादव ने इस घटना पर रोष व्यक्त करते हुए हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक अम्बेडकर नगर से मामले में सख्त कार्रवाई की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से बताया गया है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।