शरीफ़ अहमद खान, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र (यूपी), NIT:
थाना करमा पुलिस की साइबर टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति के 20 हजार रुपये उसके मूल बैंक खाते में वापस करा दिए।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक करमा कमलेश पाल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
ग्राम जुड़वरिया, थाना करमा निवासी संदीप कुमार सिंह पुत्र देव कुमार सिंह के साथ साइबर ठगी कर 20 हजार रुपये की धनराशि निकाल ली गई थी। शिकायत मिलने के बाद थाना करमा की साइबर टीम ने तत्काल NCRP पोर्टल पर प्रकरण की जांच करते हुए संबंधित बैंक खाते में धनराशि होल्ड कराई। इसके बाद आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर संबंधित बैंक से ई-मेल एवं पत्राचार के माध्यम से समन्वय स्थापित किया गया। परिणामस्वरूप ठगी की गई 20 हजार रुपये की पूरी धनराशि आवेदक के मूल बैंक खाते में वापस करा दी गई।
धनराशि वापस मिलने पर आवेदक ने थाना करमा पुलिस एवं साइबर टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके कार्य की सराहना की।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल, महिला कांस्टेबल संध्या पाण्डेय एवं कांस्टेबल आनंद तिवारी शामिल रहे।

