अशफ़ाक़ क़ायमखानी, ब्यूरो चीफ, जयपुर (राजस्थान), NIT:

झुंझुनू जिला पुलिस ने डुण्डलोद क्षेत्र में दर्ज कथित दिनदहाड़े लूट की घटना का महज 24 घंटे में पर्दाफाश करते हुए बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि परिवादिया ने लूट की झूठी कहानी खुद गढ़ी थी और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया।
परिवादिया ने 19 जनवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि तीन महिलाएं और एक पुरुष घर में घुसकर चाकू की नोंक पर करीब 10 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूटकर फरार हो गए। लेकिन पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, पड़ोसियों से पूछताछ और तकनीकी जांच में किसी बाहरी आरोपी की पुष्टि नहीं हुई।

लगातार बयान बदलने और संदिग्ध परिस्थितियों के चलते पुलिस ने परिवादिया से गहन पूछताछ की, जिसमें उसने अंततः झूठी घटना रचने की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि सारे जेवरात और नकदी उसने घर में ही पलंग के अंदर छुपा रखे थे।
पुलिस के अनुसार परिवादिया का मकसद लूट का नाटक कर जेवरात बेचकर अलग से प्लॉट खरीदना था। पुलिस ने मौके से सभी आभूषण और नकदी बरामद कर ली है।
इस खुलासे में मुकुंदगढ़ थाना पुलिस, डीएसटी और एमआईयू टीम की अहम भूमिका रही, जिनकी तत्परता से मामले का जल्द पर्दाफाश संभव हो सका।

