मेघनगर की केमिकल फैक्ट्रियों के जहरीले पानी पर कांग्रेस का अल्टीमेटम, सरकार व प्रशासन को चेतावनी | New India Times

रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

New India Times

झाबुआ विधायक कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने मेघनगर क्षेत्र में स्थापित केमिकल फैक्ट्रियों से निकलने वाले जहरीले पानी को लेकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन को एक बार फिर कड़ी चेतावनी दी। कांग्रेस ने कहा कि यदि समय रहते इस गंभीर समस्या पर संज्ञान नहीं लिया गया तो पार्टी प्रदेशव्यापी उग्र आंदोलन करेगी।

पत्रकार वार्ता में बताया गया कि हाल ही में इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित जहरीले पानी के कारण 20 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 100 से अधिक लोग जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहे हैं। इसके बावजूद भाजपा सरकार और जिला प्रशासन मेघनगर में सैकड़ों केमिकल फैक्ट्रियों से निकलने वाले जहरीले अपशिष्ट जल के दुष्प्रभावों को नजरअंदाज कर रहे हैं, जिससे ग्रामीणों, किसानों, आम नागरिकों और पशुओं के जीवन पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

कांग्रेस के गंभीर आरोप

जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रांका ने आरोप लगाया कि लगभग दो माह पूर्व कांग्रेस पार्टी ने हजारों लोगों के साथ “जीवन बचाओ महा आंदोलन” के माध्यम से मेघनगर की केमिकल फैक्ट्रियों से निकलने वाले दूषित पानी के खिलाफ विरोध दर्ज कराया था।

उन्होंने कहा कि इस पानी में आयरन और क्रोमियम जैसे घातक तत्व पाए जा रहे हैं, जिससे कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां फैलने का खतरा है, फसलें नष्ट हो रही हैं और क्षेत्र की हवा व जल संसाधन बुरी तरह प्रदूषित हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इसके बावजूद आज तक न तो फैक्ट्रियों को हटाने की दिशा में कोई ठोस कदम उठाया गया और न ही आंदोलन का कोई निराकरण किया गया। इंदौर के भागीरथपुरा की घटना से भी प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया।

भू-जल सर्वे रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं

प्रकाश रांका ने यह भी कहा कि विगत माह केंद्रीय समिति द्वारा कराए गए भू-जल सर्वेक्षण की रिपोर्ट आज तक जिला प्रशासन द्वारा सार्वजनिक नहीं की गई है, जबकि उस रिपोर्ट में पूरे क्षेत्र के जल स्रोतों में दूषित लाल पानी पाए जाने की बात सामने आई थी। कांग्रेस द्वारा संबंधित विभागों से पूछे गए सवालों का भी अब तक कोई जवाब नहीं दिया गया है।

प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार ने मनरेगा गारंटी योजना के स्वरूप और नाम में बदलाव कर करोड़ों गरीब मजदूरों के साथ अन्याय किया है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि इन गंभीर समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं किया गया तो पार्टी हजारों कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन और उग्र आंदोलन करेगी।

विधायक वीर सिंह भूरिया का बयान

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए विधायक वीर सिंह भूरिया ने कहा कि मेघनगर की फैक्ट्रियों से निकलने वाला जहरीला पानी पूरे क्षेत्र को दूषित कर रहा है। भाजपा सरकार और जिला प्रशासन चुप्पी साधे हुए हैं और किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहले ही “जीवन बचाओ महा आंदोलन” के जरिए सरकार और प्रशासन को आगाह किया था तथा उद्योग विभाग और प्रदूषण नियंत्रण विभाग से सवाल पूछे थे, लेकिन आज तक कोई जवाब नहीं मिला।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार और जिला प्रशासन ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस शीघ्र ही प्रदेशव्यापी महा आंदोलन करेगी।

पत्रकार वार्ता में मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता साबिर फिटवेल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष यामीन शेख, खून सिंह गुंडिया, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष नरवेश अमलियार, जितेंद्र शाह सहित अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।

By nit