बिना पूर्व सूचना पुलिया तोड़े जाने से हादसे का खतरा बढ़ा, किसानों में भारी आक्रोश | New India Times

वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

चीनी मिल पेराई सत्र के बीच कपरहा–कोटवारा मार्ग पर बिना किसी पूर्व सूचना के पुलिया निर्माण कार्य शुरू कर दिए जाने से किसानों और राहगीरों की परेशानियां बढ़ गई हैं। देवकली विद्यालय के पास मुख्य मार्ग पर स्थित पुरानी पुलिया को जेसीबी मशीन से अचानक ढहा दिया गया, जिससे सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई।

इस मार्ग से शेरपुर, सकेथू, जिगनहा, जमालपुर, बसही, बांसगांव, कपड़ा, देवरिया सहित सैकड़ों गांवों के किसान दिन-रात अपना गन्ना लेकर गोला चीनी मिल पहुंचते हैं। कोहरे के मौसम में अचानक सड़क खुदे होने और किसी भी प्रकार के संकेतक, बैरिकेड या वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था न होने से बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि न तो प्रशासन की ओर से मार्ग बंद होने की कोई पूर्व सूचना जारी की गई और न ही मीडिया या किसानों को इसकी जानकारी दी गई। इससे गन्ना लदे वाहनों के साथ-साथ आम राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ गई है।

मामले को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के जिला अध्यक्ष अंजनी दीक्षित ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मांग की कि निर्माण कार्य से पहले उचित सूचना, चेतावनी संकेतक और वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था तत्काल की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article