कर्तव्य में लापरवाही पर एसपी की सख्त कार्रवाई: चांचौड़ा थाना प्रभारी लाइन हाजिर | New India Times

इदरीस मंसूरी, ब्यूरो चीफ, गुना (मप्र), NIT:

गुना जिले के पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने शासकीय कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरतने पर चांचौड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार मेहरा को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है। उन्हें जिला पुलिस लाइन, गुना में संबद्ध (लाइन हाजिर) किया गया है।

यह कार्रवाई एक गुमशुदगी के मामले में युवती की बरामदगी के बाद उत्पन्न कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति और पुलिस बल पर हुए हमले को लेकर की गई है।

क्या है पूरा मामला?

थाना चांचौड़ा में दर्ज गुमशुदगी क्रमांक 79/25 के अंतर्गत पुलिस द्वारा एक युवती को दस्तयाब किया गया। युवती की बरामदगी के बाद ग्राम पैंची में उसके परिजन एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए और नियमों के विपरीत युवती की सुपुर्दगी की मांग करने लगे।

स्थिति बिगड़ने पर भीड़ उग्र हो गई और पुलिस बल पर हमला कर दिया गया, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति गंभीर हो गई।

क्यों गिरी थाना प्रभारी पर गाज?

पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक मनोज कुमार मेहरा की निम्न गंभीर लापरवाहियाँ सामने आईं—

स्थिति का सही आकलन नहीं किया गया, जिससे समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए जा सके।

परिजनों के विरोध और तनावपूर्ण हालात की जानकारी होने के बावजूद थाना प्रभारी स्वयं मौके पर उपस्थित नहीं हुए।

पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती नहीं की गई, जिससे हालात नियंत्रण से बाहर हो गए।

इन कारणों से न केवल अप्रिय घटना घटी, बल्कि कानून-व्यवस्था भी पूरी तरह प्रभावित हुई।

एसपी के सख्त निर्देश

पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि पदीय कर्तव्यों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आदेश क्रमांक पीए/60/2026 के तहत यह दंडात्मक कार्रवाई तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article