मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
कड़ाके की ठंड का सबसे अधिक असर निर्धन और असहाय लोगों पर पड़ता है। ऐसे में शासन-प्रशासन के साथ-साथ कई समाजसेवी भी आगे आकर जरूरतमंदों की मदद कर रहे हैं। कोई कंबल वितरित कर रहा है, तो कोई कपड़े और चाय-नाश्ता उपलब्ध कराकर राहत पहुँचा रहा है।
नव वर्ष की सुबह अधिराज ठाकुर ने घंटाघर पर शिविर लगाकर असहाय लोगों के लिए वस्त्र और कंबलों का वितरण किया।
अधिराज ने बताया कि वे पिछले छह वर्षों से लगातार ऐसे शिविर लगाकर जरूरतमंदों की मदद कर रहे हैं। इस वर्ष के शिविर में लगभग 20 हजार वस्त्र और कंबल वितरित किए गए, जिनमें बच्चों, महिलाओं और पुरुषों के लिए जींस, जैकेट, पैंट, कंबल आदि शामिल थे।
विधायक अरविंद कुमार सिंह ने शिविर का शुभारंभ किया और अधिराज ठाकुर के इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास ठंड के मौसम में जरूरतमंदों के लिए बड़ी मदद साबित होते हैं।
