मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
नगर निगम बुरहानपुर आयुक्त संदीप श्रीवास्तव के निर्देशानुसार एवं सहायक निगम आयुक्त सुश्री स्वर्णिका वर्मा के मार्गदर्शन में मंगलवार को नगर निगम बुरहानपुर की टीम द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 के अंतर्गत स्कूलों में “स्वच्छता की पाठशाला” अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
अभियान के अंतर्गत यूनिक पब्लिक स्कूल, अंडा बाज़ार तथा सिंधीपुरा कन्या विद्यालय, मालवीय वार्ड में विद्यार्थियों को स्वच्छता से संबंधित जानकारी दी गई। इस दौरान प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया तथा इसके विकल्प के रूप में कपड़े की थैली का उपयोग करने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया।
छात्रों को घरों से निकलने वाले कचरे को प्रतिदिन अलग-अलग चार बिनों—गीला कचरा, सूखा कचरा, सेनेटरी वेस्ट एवं घरेलू हानिकारक कचरा—में पृथक करने तथा निर्धारित कचरा वाहन में डालने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही छात्रों को अपने आसपास और पड़ोस में भी स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त अभियान के प्रति जागरूकता फैलाने की समझाइश दी गई।
नगर निगम टीम द्वारा विद्यार्थियों को प्लास्टिक से होने वाले खतरों के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि सिंगल यूज प्लास्टिक को नष्ट होने में 800 से 1,000 वर्ष तक का समय लग सकता है। माइक्रो एवं नैनो प्लास्टिक के कण मानव रक्त में पाए जा रहे हैं, जिससे कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।
इस अवसर पर प्लास्टिक के उपयोग को जड़ से समाप्त करने का संकल्प दिलाया गया। इस अभियान के दौरान सेक्टर अधिकारी, सुपरवाइजर, आईईसी संस्था के प्रतिनिधि एवं सफाई मित्र उपस्थित रहे।

