ज़फ़र खान, अकोला (महाराष्ट्र), NIT:

अंजनगांव सुर्जी पंचायत समिति में अधिकारियों और कर्मचारियों की कथित गैरहाजिरी का मामला गरमा गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के बावजूद विभिन्न विभागों में अधिकारी-कर्मचारियों के कार्यालय में उपस्थित नहीं रहने का आरोप लगाते हुए प्रहार विद्यार्थी संगठन ने दोषियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है। संगठन के अमरावती जिलाध्यक्ष आकाश खारोडे ने इस संबंध में जिला परिषद अमरावती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्यम गांधी को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को दोपहर 2 बजे आकाश खारोडे पंचायत समिति कार्यालय में शिकायत आवेदन देने पहुंचे थे। इस दौरान विभिन्न विभागों में अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित पाए जाने का आरोप लगाया गया। ज्ञापन में कहा गया है कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के अनुसार शनिवार और रविवार को भी कार्यालय में उपस्थित रहना अनिवार्य होने के बावजूद संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद नहीं थे।
इस मामले में गट विकास अधिकारी (बीडीओ), पंचायत विभाग, घरकुल निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, पशुसंवर्धन विभाग, लेखा विभाग, भंडार विभाग, सांख्यिकी एवं स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग और अभिलेख विभाग सहित विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए हैं।
आम नागरिकों को हो रही परेशानी
आकाश खारोडे ने ज्ञापन में कहा कि अंजनगांव सुर्जी क्षेत्र में सूखे जैसी गंभीर परिस्थितियों के बीच नागरिकों को सरकारी कामकाज के लिए बार-बार पंचायत समिति कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। ऐसे में यदि संबंधित अधिकारी और कर्मचारी समय पर कार्यालय में उपलब्ध नहीं रहते, तो आम जनता के काम प्रभावित होते हैं। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होते हैं।
संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल निलंबन की कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही, भविष्य में ऐसी लापरवाही की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित कर्मचारियों की एक वर्ष की वेतनवृद्धि रोकने की मांग भी की गई है।
GPS लोकेशन और तस्वीरें साक्ष्य के रूप में देने का दावा
ज्ञापन में संबंधित विभागों की तस्वीरें, जीपीएस लोकेशन और अन्य साक्ष्य संलग्न किए जाने का उल्लेख किया गया है। संगठन ने जिला परिषद प्रशासन से शिकायत की गंभीरता से जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
इस अवसर पर प्रहार विद्यार्थी संगठन के अमरावती जिलाध्यक्ष आकाश खारोडे के साथ शुभम निमकाळे, समर्थ डवरे, राम रोहनकर, राहुल आवारे, चेतन गीते, गोकुल वडतकर, ऋषि ठवकर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे। अब जिला परिषद प्रशासन की ओर से इस शिकायत पर की जाने वाली कार्रवाई और जांच के निष्कर्षों पर नजर रहेगी।

