मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

सामाजिक संस्था पहल ग्रुप की ओर से मंगलवार को सिविल लाइंस स्थित सेठ एन्क्लेव में निःशुल्क कान जांच एवं श्रवण यंत्र वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि आईआरएस एवं कस्टम एंड सेंट्रल एक्साइज के पूर्व कमिश्नर कमल किशोर कठेरिया ने फीता काटकर किया। शिविर में बरेली से आई विशेषज्ञों की टीम ने अत्याधुनिक डिजिटल मशीनों की मदद से 100 से अधिक लोगों के कानों की जांच कर उनकी श्रवण क्षमता का परीक्षण किया।
शिविर का उद्देश्य कम सुनने वाले दिव्यांगजनों, मूक-बधिरों और जरूरतमंद लोगों को बेहतर श्रवण सुविधा उपलब्ध कराना था। जांच के बाद चयनित पात्र लोगों को अगले 15 से 20 दिनों के भीतर डिजिटल श्रवण यंत्र निःशुल्क वितरित किए जाएंगे। इस पहल से जरूरतमंद लोगों को सुनने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
मुख्य अतिथि कमल किशोर कठेरिया ने पहल ग्रुप के इस सामाजिक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंदों की सेवा और उन्हें सुविधाएं उपलब्ध कराना समाज के लिए महत्वपूर्ण कार्य है। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली।
संस्था के संस्थापक अभिषेक डेनियल ने शिविर में पहुंचे अतिथियों, विशेषज्ञों की टीम और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अखिल उत्तर प्रदेश बधिर संस्था के महासचिव अमन सक्सेना तथा उनके साथ आए सदस्यों के सहयोग के लिए विशेष धन्यवाद दिया।
शिविर को सफल बनाने में वरिष्ठ सहयोगी एडवोकेट अनूप कुमार, भारती प्रिंटर्स के प्रोपराइटर एवं समाजसेवी विक्रांत बखिया, मातृत्व सोशल वेलफेयर सोसाइटी की संस्थापक अध्यक्ष नेहा सक्सेना, समाजसेवी जाहिद आलम, एडवोकेट राजपाल कठेरिया, राजपूत कठेरिया और कुंवरपाल सहित अन्य लोगों का योगदान रहा। आयोजकों ने भविष्य में भी मूक-बधिरों, दिव्यांगजनों और अन्य जरूरतमंद लोगों के कल्याण के लिए ऐसे निःशुल्क शिविर आयोजित करने का संकल्प लिया।

