रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:
झाबुआ स्थानीय जिला अभिभाषक संघ के तत्वावधान में जिला पुलिस अधीक्षक शिव दयाल गुर्जर का स्वागत कार्यक्रम संघ के सभा कक्ष में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष दीपक भंडारी ने पुलिस अधीक्षक श्री गुर्जर का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। वरिष्ठ अभिभाषक दिनेश सक्सेना और जगदीशचंद्र नीमा ने भी उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष दीपक भंडारी ने कानूनी समस्याओं से अवगत कराते हुए बताया कि शहर एवं आसपास दुर्घटना होने पर पुलिस द्वारा समय पर एफआईआर दर्ज नहीं की जाती, बल्कि पहले इलाज कराने की बात कही जाती है। जिसके कारण आहत व्यक्ति इलाज करवाने के बाद देर से रिपोर्ट दर्ज कराता है, और बीमा कंपनी आपत्ति उठाती है, जिससे पीड़ित को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
अतः इस प्रक्रिया में सुधार आवश्यक है। झाबुआ में फैल रहे नशे के कारोबार की समस्या से भी अवगत कराया गया और इसे रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।
वरिष्ठ अभिभाषक जगदीशचंद्र नीमा और दिनेश सक्सेना ने शहर में हो रहे अतिक्रमण के कारण बिगड़ती यातायात व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए इस दिशा में ठोस कदम उठाने का अनुरोध किया।
अभिभाषक विजय संघवी, स्वप्निल सक्सेना और हेमेंद्र व्यास ने भी कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। जिला पुलिस अधीक्षक शिव दयाल गुर्जर ने अभिभाषक संघ द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि सभी समस्याओं का प्रमुखता और त्वरित निराकरण किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन संघ के कोषाध्यक्ष मुकेश बैरागी ने किया तथा आभार संघ के सचिव देवेन्द्र प्रसाद अग्निहोत्री द्वारा व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में अभिभाषक संघ के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

