त्रिवेंद्र जाट, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

शासकीय कन्या संकुल देवरी अंतर्गत आने वाली शाला झुनकू वार्ड में पदस्थ सहायक शिक्षक श्री राजेश कटारे 31 वर्ष की उत्कृष्ट सेवा अवधि पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए। कटारे सर ने अपनी सेवा अवधि में ईमानदारी, लगन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ सभी दायित्वों का निर्वहन किया।
विदाई समारोह में मुख्य अतिथि ब्लॉक शिक्षा अधिकारी/संकुल प्राचार्य अजय नगरिया तथा विशिष्ट अतिथि ब्लॉक स्त्रोत समन्वयक हरि कृष्ण चौबे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक शिक्षक जसवंत रजक द्वारा किया गया।
इस अवसर पर कटारे सर की फैमिली, रिश्तेदार, संबंधी तथा विद्यालय परिवार से रश्मि नामदेव, अशोक विश्वकर्मा, नीलमणि दुबे, किरण लता ठाकुर, सुशील गुप्ता, मनीष गुप्ता, योगेंद्र सोनी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
सभी ने कटारे सर के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में प्रमोद कुमार चौबे ने उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। बाद में सभी ने मिलकर कटारे सर को शासकीय प्राथमिक शाला झुनकू वार्ड से नगर की मुख्य गलियों से होते हुए उनके निज निवास अर्जुन कॉलोनी तक पहुंचाया और विदाई समारोह को सफल बनाया।
