मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
कक्षा 11 के एक छात्र ने अपने ही कक्षा के छात्र को गोली मार दी। आरोपी छात्र नाबालिग है, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
बताया जाता है कि करीब पाँच–छह महीने पहले दोनों छात्रों में किसी बात पर कहासुनी हुई थी, जिसमें घायल छात्र रजत यादव उर्फ गोलू ने आरोपी छात्र को थप्पड़ मार दिया था। इसी रंजिश में आरोपी छात्र ने गुरुवार को रजत यादव को गंगा एक्सप्रेसवे पर बुलाया और बातचीत के दौरान उसकी पीठ में गोली मारकर फरार हो गया।
शाहजहांपुर के थाना जलालाबाद क्षेत्र के काकोरी शदीद इंटर कॉलेज में कक्षा 11 में पढ़ने वाला रजत यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। हालत नाजुक होने पर उसे बरेली रेफर कर दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार, उपनिरीक्षक योगेश कुमार चौहान, उपनिरीक्षक पवन कुमार सहित पुलिस टीम ने शुक्रवार को आरोपी नाबालिग छात्र को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर अवैध तमंचा और खोखा कारतूस भी बरामद किया गया।
पूछताछ में नाबालिग आरोपी ने बताया कि कुछ महीने पहले रजत ने उसे गाली-गलौज कर थप्पड़ मारा था और जान से मारने की धमकी भी देता था। उसे डर था कि कहीं रजत पहले उसे नुकसान न पहुँचा दे।
इसी डर और रंजिश में उसने 27 नवंबर की शाम करीब 6 बजे रजत को गंगा एक्सप्रेसवे पर बुलाकर गोली मार दी। वारदात के बाद वह भाग गया और खेत के पास मिट्टी में तमंचा व कारतूस छिपा दिया था।

