कांग्रेसी पदाधिकारियों ने संविधान की रक्षा का लिया संकल्प | New India Times

अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

26 नवंबर—संविधान दिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा सेठबाड़ा स्थित कार्यालय पर संविधान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि संविधान सभा की समितियों द्वारा तैयार किए गए संविधान को आज ही के दिन 26 नवंबर 1949 को पारित किया गया था और इसे 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया।

संविधान सभा में विभिन्न विषयों पर अलग-अलग समितियां और उप-समितियां कार्यरत थीं, जिनमें डॉ. राजेंद्र प्रसाद, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, जगजीवन राम, एस.एन. मुखर्जी आदि प्रमुख सदस्य थे।

डॉ. भीमराव अम्बेडकर संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष नियुक्त किए गए। बाबा साहब ने संविधान के माध्यम से नागरिकों के अधिकार, कर्तव्य और शासन व्यवस्था के तरीक़े निर्धारित किए।

उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान सभी नागरिकों को मौलिक अधिकार, स्वतंत्रता, न्याय, समानता और एकता के मूल्यों को समझने की प्रेरणा देता है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखते हुए संविधान का सम्मान करे और उसके निर्देशों का पालन करे।

जिला महासचिव मनोज गौड़ ने कहा कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने संविधान में दबे-कुचले, मजदूर और गरीबों को अधिकार प्रदान किए तथा महिलाओं को समानता का अधिकार सुनिश्चित किया।

कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष अप्रतिम सक्सेना ने किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संविधान की शपथ ली तथा इसकी रक्षा करने का संकल्प लिया।

इस मौके पर महानगर अध्यक्ष विक्रम बाल्मीकि, महेश चौबे, कसान रिज़वी, मुस्लिम कुरैशी, आशीष अग्रवाल, रवि वाल्मीकि, सावित्री शर्मा, हाशिम, हुमेर अजीम शाह, अनिल खरे सहित अनेक कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article