अबरार अली, ब्यूरो चीफ, सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:
पीस पार्टी के उलेमा कोऑर्डिनेटर ने अन्य पदाधिकारियों के साथ बुधवार को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) 2025 के दौरान बीएलओ ऐप में आ रही गंभीर तकनीकी एवं प्रशिक्षण संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम इटवा को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल कार्यवाही की मांग की।

उलेमा कोऑर्डिनेटर मौलाना कलीमुल्लाह फैज़ी ने पदाधिकारियों के साथ एसडीएम इटवा कुणाल को ज्ञापन देकर कहा कि पुनरीक्षण कार्य के दौरान कई गंभीर समस्याएँ सामने आ रही हैं, जिनके कारण सैकड़ों मतदाताओं—विशेषकर विवाहित महिलाओं तथा 2003 की सूची से संबद्ध व्यक्तियों—के नाम कटने का खतरा बना हुआ है।
इसलिए इन समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेकर समाधान कराया जाना आवश्यक है।
ज्ञापन में प्रमुख मुद्दे इस प्रकार हैं :
1- बीएलओ ऐप में वर्ष 2003 की मतदाता सूची अपडेट नहीं है, जिसके कारण उस सूची में मौजूद मतदाताओं को खोजा ही नहीं जा रहा।
2- बीएलओ द्वारा 2003 की सूची में नाम या संबंध होने के बावजूद तीसरे विकल्प से फॉर्म अपलोड करना, जो या तो अपर्याप्त प्रशिक्षण या अत्यधिक कार्यभार के कारण गलत विकल्प चुनने का परिणाम है। इससे वास्तविक मतदाता भी डी-इरेज होने की स्थिति में पहुँच रहे हैं।
3- बीएलओ ऐप में पति का नाम ड्रॉप-डाउन सूची में उपलब्ध न होना, जिसके कारण बाहर जिले/शहर में रह रहे पति का नाम 2003 की सूची में होने के बावजूद मिलान नहीं हो पा रहा और विवाहित महिलाओं के फॉर्म रिजेक्ट होने की संभावना बढ़ रही है।
ज्ञापन में कहा गया कि इन तकनीकी खामियों के कारण मतदाता निराश और चिंतित हैं।
पीस पार्टी ने मांग की कि—
• सभी बीएलओ को पुनः प्रशिक्षण दिया जाए,
• बीएलओ ऐप में वर्ष 2003 की सूची पूरी तरह अपडेट कराई जाए,
• पति के नाम का ड्रॉप-डाउन विकल्प उपलब्ध कराया जाए,
ताकि जनहित में मतदाताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके।
इस दौरान मौलाना अब्दुल रहमान सहित पीस पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

