कलेक्टर जयति सिंह ने सेंधवा जनसुनवाई में सुनी 48 आवेदकों की समस्याएं | New India Times

गुलशन परूथी, ब्यूरो चीफ, दतिया (मप्र), NIT:

कलेक्टर जयति सिंह ने सेंधवा जनसुनवाई में सुनी 48 आवेदकों की समस्याएं | New India Times

मंगलवार को एसडीएम कार्यालय सेंधवा के सभागृह में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने कुल 48 आवेदकों की समस्याओं को व्यक्तिगत रूप से सुना। कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन समस्याओं का त्वरित समाधान संभव है, उनका निराकरण जनसुनवाई के दौरान ही या अगले दिन कर दिया जाए। साथ ही आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रखने के निर्देश भी दिए।

भूमि नामांतरण का मामला

निवाली निवासी हातिम बुरहानी ने आवेदन देकर बताया कि उन्होंने 7 फरवरी 2018 को सेंधवा में भूमि खरीदी थी और नामांतरण की प्रक्रिया भी नियमानुसार की, परंतु ऑनलाइन रिकॉर्ड में आज भी पूर्व स्वामी का ही नाम दर्ज है। तहसील कार्यालय से संपर्क करने पर भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इस पर कलेक्टर जयति सिंह ने तहसीलदार सेंधवा को आवेदन का नियमानुसार शीघ्र निराकरण कराने के निर्देश दिए।

आरटीओ द्वारा वाहन ट्रांसफर न होने की शिकायत

सेंधवा निवासी राजेश वर्मा ने बताया कि उन्होंने दो वर्ष पूर्व आबकारी विभाग द्वारा जब्त वाहनों की नीलामी में एक मारुति वैन खरीदी थी। नीलामी राशि जमा कर उन्होंने वाहन ट्रांसफर हेतु आरटीओ बड़वानी में आवेदन दिया, लेकिन अब तक वाहन का नामांतरण नहीं हुआ। इस पर कलेक्टर ने आरटीओ बड़वानी को एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।

परिवार पेंशन शुरू कराने की मांग

सेंधवा निवासी सुरमीबाई किराड़े ने बताया कि उनके पति, जो एसडीएम कार्यालय सेंधवा में भृत्य पद पर कार्यरत थे, उनका निधन 28 जनवरी 2025 को हो गया। लेकिन उन्हें अब तक परिवार पेंशन की राशि नहीं मिली है। कलेक्टर ने एसडीएम सेंधवा को व्यक्तिगत रूप से ध्यान देकर पेंशन संबंधी प्रकरण का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

कपिलधारा कूप निर्माण की सामग्री भुगतान का मुद्दा

ग्राम पंचायत धावड़ी के काशीराम पिता मंगल्या ने शिकायत की कि वर्ष 2021-22 में मनरेगा के तहत स्वीकृत कपिलधारा कूप निर्माण का कार्य उन्होंने पूरा कर लिया है, लेकिन सामग्री के भुगतान की राशि अब तक नहीं मिली। कलेक्टर ने जनपद पंचायत सेंधवा के सीईओ को प्रकरण का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.