आसिम खान, ब्यूरो चीफ, छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जिले के मोहखेड़ क्षेत्र से लगे ग्राम मऊ में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब खेतों में काम कर रहे किसानों ने अचानक बाघ की जोरदार दहाड़ सुनी। कुछ ही देर में ग्रामीणों ने खेत के पास बाघ को घूमते हुए देखा, जिसके बाद पूरे गांव में भय का माहौल बन गया।
एसडीओ अनादी बुधौलिया के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम लगातार नर बाघ की लोकेशन ट्रैक कर रही है और ग्रामीणों को घरों में रहने की सलाह दी गई है। वन विभाग ने गांव के आसपास पहरा बढ़ा दिया है। ड्रोन कैमरे और स्पेशल ट्रैकिंग टीमें क्षेत्र की निगरानी कर रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, बाघ की लोकेशन मऊ अस्पताल क्षेत्र के आसपास पाई जा रही है।
पेंच नेशनल पार्क से भटका बाघ होने की आशंका वन अधिकारियों का कहना है कि यह बाघ संभवतः पेंच नेशनल पार्क से भटककर यहां पहुंचा है। कुछ वर्ष पहले भी इसी रूट से एक बाघ मोहखेड़ और मऊ क्षेत्र तक पहुंचा था, जिसे बाद में रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ा था। गांव में दहशत, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है ।

