मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
जिला चिकित्सालय बुरहानपुर के सेवानिवृत्त सर्जन डॉ. अशोक पगारे, फव्वारा चौक स्थित एक निजी नर्सिंग होम के चिकित्सक डॉ. आशीष जैन और वार्ड बॉय दीपक के खिलाफ सिटी कोतवाली थाने में गंभीर शिकायत दर्ज कराई गई है।
फरियादी इमरान हुसैन, पिता मुश्ताक हुसैन ने अपने विधिक सलाहकार एवं वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में लिखित शिकायत देते हुए आरोप लगाया है कि इन तीनों ने गैरकानूनी और अनधिकृत तरीके से ऑपरेशन कर उनके बड़े भाई मरीज मुमताज़ हुसैन को गंभीर एवं जीवन-घातक चोटें पहुँचा दीं।
फरियादी के अनुसार, मरीज मुमताज़ हुसैन हार्निया के ऑपरेशन के लिए भर्ती हुए थे, किंतु ऑपरेशन की प्रक्रिया के दौरान कथित रूप से एक अनुभवहीन और अनाधिकृत वार्ड बॉय दीपक से मुख्य ऑपरेशन का कार्य कराया गया। इस वजह से मरीज को नया गहरा घाव हो गया और एक लीटर से अधिक खून बह गया।
परिवार का कहना है कि इस गंभीर गलती के कारण न केवल मरीज की जान खतरे में पड़ी, बल्कि मुख्य हार्निया-ऑपरेशन भी स्थगित करना पड़ा। पिछले 13 दिनों से मरीज तीव्र दर्द और नई चोट के कारण परेशान हैं और अभी भी उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
फरियादी इमरान हुसैन ने इन दोनों डॉक्टरों और वार्ड बॉय दीपक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, उन्हें जेल भेजने, तथा डॉक्टरी लाइसेंस निरस्त करने की मांग की है।

