आसिम खान, ब्यूरो चीफ, छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा अजय पांडे तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक अजय राणा के निर्देशन पर थाना प्रभारी देहात निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत द्वारा अवैध हथियारों की तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दिनांक 19/11/25 को थाना प्रभारी देहात को सूचना मिली कि रोहना बायपास पर एक युवक देशी पिस्टल बेचने की फिराक में है। सूचना पर तुरंत टीम गठित कर दबिश दी गई। घेराबंदी के दौरान अंकित झिनझोनकर पिता रामेश्वर झिनझोनकर (उम्र 23 वर्ष), निवासी मऊ थाना मोहखेड़ जिला छिंदवाड़ा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक देशी पिस्टल बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पंचशील कॉलोनी निवासी हर्ष उर्फ अनुराग तिवारी (पिता मनीष तिवारी, उम्र 23 वर्ष) ने उसे 18,000 रुपए में पिस्टल बेची थी, और यह रुपए स्कॉलरशिप के पैसे थे, जिन्हें आरोपी ने हथियार खरीदने में खर्च कर दिया।
जांच में सामने आया कि हर्ष उर्फ अनुराग तिवारी पहले से ही हथियार तस्करी में लिप्त है। उसे रिंग रोड छिंदवाड़ा में खरगोन से आए एक व्यक्ति ने 15,000 रुपए में पिस्टल बेची थी। दोनों आरोपियों को देहात पुलिस ने गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई हेतु न्यायालय में पेश किया है।

