रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:
राज्य पोषित योजनान्तर्गत राज्य के बाहर आयोजित पाँच दिवसीय कृषक प्रशिक्षण सह-भ्रमण के लिए 30 कृषकों के दल को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत जितेन्द्रसिंह चौहान, एवं अपर कलेक्टर (एडीएम) सी.एस. सोलंकी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस भ्रमण का उद्देश्य कृषकों को आधुनिक तकनीकी विधियों, नवाचारों तथा उद्यानिकी क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहित करना है।
सहायक संचालक उद्यानिकी बहादुर सिंह चौहान ने बताया कि भ्रमण कार्यक्रम के दौरान कृषक धुले, जलगाँव, नासिक एवं राहुरी में अमरूद, आम, संतरा एवं नींबू की उन्नत खेती का अवलोकन करेंगे।
दल जैन इरिगेशन कंपनी में आम एवं अमरूद की प्रोसेसिंग संबंधी प्रशिक्षण प्राप्त करेगा। इसके अतिरिक्त, प्याज की उन्नत खेती, नेट हाउस एवं पॉली हाउस में उच्च तकनीक आधारित कृषि पद्धतियाँ तथा अंगूर एवं अनार फसल के रखरखाव संबंधी प्रशिक्षण वैज्ञानिकों द्वारा प्रदान किया जाएगा।
यह प्रशिक्षण कृषकों में नए नवाचार अपनाने की उत्सुकता बढ़ाएगा, जिससे भविष्य में झाबुआ जिले के कृषक नवीन कृषि तकनीकों को अपनाकर अपने भविष्य को और बेहतर बना सकेंगे।

