तारिक़ खान, ब्यूरो चीफ, रायसेन (मप्र), NIT:
भारतीय जनता पार्टी के विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी को पार्टी का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने की खुशी में उनके समर्थकों ने बधाई का एक बैनर तैयार किया। लेकिन यह बैनर अब विवादों का कारण बन गया है, क्योंकि इसे सड़क पर बिछाकर चिपकाया गया।
इस बैनर पर न केवल विधायक डॉ. चौधरी की तस्वीर और नाम अंकित है, बल्कि भगवान का नाम और भाजपा का ‘कमल चिन्ह’ भी छपा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस सड़क पर लोग जूते-चप्पल पहनकर चलते हैं, वहां भगवान का नाम और जनप्रतिनिधि की तस्वीर चिपकाना श्रद्धा और मर्यादा दोनों के खिलाफ है।
एक नागरिक ने कहा: “भगवान का नाम सजाने और पूजने के लिए होता है, सड़क पर बिछाने के लिए नहीं।” अन्य लोगों ने भी इस कृत्य को अनजाने में की गई गलती नहीं बल्कि बेअदबी बताया।

