मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
जुन्नारदेव के अंतर्गत ग्राम पंचायत पनारा में एक मजदूर पिछले आठ महीनों से अपनी मजदूरी के भुगतान के लिए भटक रहा है। पंचायत में नल-जल योजना के तहत पंप ऑपरेटर के रूप में कार्य करने वाले विशाल व्यास को पिछले 8 महीनों से मजदूरी का भुगतान नहीं मिला है।
मजदूरी का भुगतान नहीं होने के कारण मजदूर के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। परिवार का दैनिक खर्च चलाना भी मुश्किल हो रहा है।
पंचायत सिर्फ दे रही आश्वासन
पीड़ित मजदूर विशाल व्यास ने बताया कि वह पिछले 8 महीनों से अपनी मेहनत की कमाई के लिए पंचायत के चक्कर लगा रहा है। जब भी वह पंचायत में अपने बकाया भुगतान की मांग करता है, तो जिम्मेदारों द्वारा आश्वासन देकर उसे टाल दिया जाता है, लेकिन अब तक मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। लंबे समय से मेहनताना नहीं मिलने के कारण परिवार का गुजर-बसर करना उसके लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
शासन-प्रशासन से लगाई गुहार
परेशान मजदूर ने जिला प्रशासन और शासन से गुहार लगाते हुए उसकी समस्या का गंभीरता से निराकरण कराने की मांग की है। विशाल व्यास ने मांग की है कि पंचायत में लंबित उसकी 8 महीने की बकाया मजदूरी का जल्द से जल्द भुगतान कराया जाए, ताकि उसके परिवार को आर्थिक संकट से राहत मिल सके।

