ममता गनवानी,भोपाल (मप्र), NIT:

सिंधी मेला समिति द्वारा आयोजित सांस्कृतिक सिंधी गरबा महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को सुंदरवन गरबा ग्राउंड में हुआ। करुणाधाम आश्रम के प्रमुख सुदेश जी शांडिल्य महाराज और विधायक भगवानदास सबनानी ने दीप प्रज्वलित कर व भजन-आरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की।

गरबा ग्राउंड में रंग-बिरंगे परिधानों में सजे प्रतिभागियों का उत्साह देखने लायक रहा। कोई भगवान झूलेलाल की पालकी लेकर आया, तो कोई प्रेमानंद जी महाराज का स्वरूप धारण कर पहुँचा। वहीं, कुछ प्रतिभागी मराठी और बंगाली परिधानों में नज़र आए, तो कोई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मास्क पहनकर गरबा खेलने पहुँचा। अलग-अलग रूप और पहनावे में आए ये प्रतिभागी आकर्षण का केंद्र बने रहे।

महोत्सव स्थल पर बाहर की ओर बच्चों के लिए किड जोन, शॉपिंग स्टॉल्स, आकर्षक सेल्फी प्वाइंट और स्वादिष्ट व्यंजनों से भरा फूड जोन भी लोगों को खूब भाया। पहले ही दिन भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण भक्तिभाव व उमंग से सराबोर नज़र आया।

