रेलवे सुरक्षा बल एवं डीआरआई की संयुक्त कार्यवाही में भोपाल स्टेशन पर पकड़े गए नशे के सौदागर,24.18 करोड़ का गांजा बरामद | New India Times

अबरार अहमद खान/मुकीज खान, भोपाल (मप्र), NIT:

रेलवे सुरक्षा बल, भोपाल मंडल एवं राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) इंदौर की संयुक्त कार्यवाही में नशे की तस्करी का बड़ा मामला उजागर हुआ है। राजधानी एक्सप्रेस से अवैध रूप से ले जाए जा रहे 24.18 करोड़ रुपये मूल्य के हाइड्रोफोनिक वीड (गांजा) को जब्त किया गया है।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त डॉ. अभिषेक को डीआरआई इंदौर के डिप्टी डायरेक्टर से सूचना प्राप्त हुई थी कि बैंगलोर से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस में नारकोटिक्स की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए सहायक सुरक्षा आयुक्त प्रथम श्री चन्द्रशेखर राजपूत के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल की एक विशेष टीम गठित की गई और डीआरआई अधिकारियों के साथ मिलकर भोपाल स्टेशन पर सघन जांच की व्यवस्था की गई।

रात्रि लगभग 21:00 बजे जब गाड़ी संख्या 22691 बैंगलोर-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस भोपाल पहुंची, तो संयुक्त टीम ने संदेह के आधार पर ए-1 और बी-6 कोच में यात्रा कर रहे 5 यात्रियों को उतारकर जांच की। इस दौरान ए-1 कोच से उतारे गए दो यात्रियों उपकार सिंह निवासी दिल्ली एवं सिरजन सिंह निवासी दिल्ली के ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग से कुल 24.18 किलोग्राम हाइड्रोफोनिक वीड (गांजा) बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 24.18 करोड़ रुपये आंकी गई है।

बरामदगी के बाद डीआरआई द्वारा संबंधित प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें आगे की जांच के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया।

रेल प्रशासन एवं सुरक्षा एजेंसियों की इस संयुक्त कार्रवाई से न केवल मादक पदार्थों की अवैध तस्करी पर बड़ा प्रहार हुआ है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा एवं रेलवे परिसर में अपराधों पर नियंत्रण की दिशा में भी एक अहम सफलता प्राप्त हुई है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.