त्रिवेंद्र जाट, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने एवं नगरवासियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से रविवार, 4 अक्टूबर 2026 को “सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार” के अंतर्गत नगर स्तरीय शिविर का आयोजन रैन बसेरा, झुनकु वार्ड में किया गया। शिविर में नगर के विभिन्न वार्डों से सैकड़ों की संख्या में नागरिक पहुंचे और अपनी समस्याओं एवं योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
शिविर का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष नेहा अलकेश जैन ने दीप प्रज्वलित कर किया। सुबह 11 बजे से प्रारंभ हुआ शिविर शाम 5:30 बजे तक चला। इस दौरान नगरवासियों ने विभिन्न शासकीय योजनाओं, सुविधाओं एवं नागरिक समस्याओं से संबंधित आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए।
शिविर में कुल 135 आवेदन नगर पालिका को प्राप्त हुए, जिन पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। वहीं, पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए, जिससे हितग्राहियों में खुशी देखने को मिली।
शिविर के दौरान नगरवासियों की समस्याओं को सुनने के साथ ही उन्हें शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया से अवगत कराया गया। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता से शिविर का उद्देश्य जन-जन तक शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को पहुंचाना सार्थक होता दिखाई दिया।
शिविर में क्षेत्रीय विधायक बृज बिहारी पटेरिया, नगर पालिका अध्यक्ष नेहा अलकेश जैन, उपाध्यक्ष नईम खान, पार्षद काशीराम पटेल, नारायण वाल्मीकि, दामोदर लोधी, संजय चौरसिया, उमेश पलिया, सुनील रिछारिया, त्रिवेंद्र जाट, मोंटू राजपूत, मनोहर गुप्ता, राजाराम दामले, शोभा नेमा सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे। शिविर में उपस्थित सभी लोगों का आभार मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनोहर विंझवार ने व्यक्त किया।

