मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
थाना नवेगांव पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर भतोड़िया खुर्द तिराहा स्थित ढाबे के पास खड़े एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से टीशर्ट के अंदर छिपाकर रखा गया 135 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
थाना नवेगांव पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि भतोड़िया खुर्द तिराहा स्थित ढाबे के पास एक संदिग्ध व्यक्ति गांजा लेकर खड़ा है और किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस बल मौके के लिए रवाना हुआ।
मौके पर पहुंचने पर पुलिस को ढाबे के पास एक व्यक्ति टीशर्ट के अंदर कुछ दबाए हुए संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने छिपने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस बल ने घेराबंदी कर उसे अभिरक्षा में लिया।
टीशर्ट के अंदर छिपाकर रखा था गांजा
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम लोकेश यदुवंशी बताया। विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए तलाशी पंचनामा तैयार किया गया। तलाशी के दौरान उसकी टीशर्ट के अंदर बाईं ओर बगल में दबाई गई प्लास्टिक की पन्नी से गांजा बरामद हुआ।
135 ग्राम गांजा बरामद, सैंपल किए सीलबंद
पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे से बरामद गांजे का वजन कराया, जिसमें कुल 135 ग्राम गांजा पाया गया। परीक्षण के लिए 10-10 ग्राम के दो अलग-अलग सैंपल निकालकर सीलबंद किए गए, जिन्हें प्रदर्श A1 और A2 के रूप में चिन्हित किया गया। शेष 115 ग्राम गांजा को अलग से सीलबंद कर प्रदर्श A के रूप में जब्त किया गया।
BNSS की धारा 35(3) के तहत सूचना पत्र तामील
पुलिस के अनुसार, प्रकरण में आरोपी लोकेश यदुवंशी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत सूचना पत्र तामील कर मौके से रवाना किया गया। थाना वापस आने के बाद जब्त मादक पदार्थ को मुहरबंद हालत में थाना एचसीएम के सुपुर्द किया गया।
प्रथम दृष्टया आरोपी का कृत्य एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत दंडनीय पाए जाने पर थाना नवेगांव में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

