शिक्षिका मनीषा हत्याकांड पर भीमसेना की हुंकार, सतपाल तंवर ने सरकार को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम | New India Times

फैज़ान खान, गुरुग्राम/नई दिल्ली, NIT:

शिक्षिका मनीषा हत्याकांड पर भीमसेना की हुंकार, सतपाल तंवर ने सरकार को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम | New India Times

शिक्षिका मनीषा हत्याकांड ने बड़ा राजनीतिक रंग ले लिया है। रविवार को भीमसेना के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नवाब सतपाल तंवर ने भिवानी के ढिगावा मंडी लोहारू पहुंचकर हरियाणा की भाजपा सरकार की मुश्किल बढ़ा दी। तंवर की हुंकार से मामले में दलित समाज भी सक्रिय हो गया है। पिछले कई दिनों से धरने बैठे सर्वसमाज के लोग और जाट खाप पंचायतों ने नवाब सतपाल तंवर के धरने पर पहुंचने की सराहना की। लोगों को संबोधित करते हुए भीमसेना प्रमुख नवाब सतपाल तंवर ने हरियाणा की नायब सैनी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी बड़े जुमलेबाज हैं। इस दौरान तंवर ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। दिवंगत मनीषा के परिवार से मिलने सतपाल उनके घर भी पहुंचे।

तंवर ने कहा कि हमें जाति और धर्म से ऊपर उठकर बहन मनीषा को न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर आना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है अपना हरियाणवी धर्म निभाने का, अब वक्त आ गया है बहन मनीषा को न्याय दिलाने का। भीमसेना के मुखिया के हरियाणा सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़ा नहीं गया तो भीम सेना पूरे भारत में आंदोलन शुरू कर देगी। उन्होंने इस घटना को अब तक के इतिहास की सबसे क्रूरतम घटना बताया। इस दौरान उनके साथ भीम सेना की महिला नेता और चंडीगढ़ हाइकोर्ट में एडवोकेट मनीषा सिंह, अमित लुक्का, दिलबाग, भीमसेना जींद जिला अध्यक्ष रविंद्र सम्भरवाल, जिला भिवानी अध्यक्ष, जिला महेंद्रगढ़ अध्यक्ष और सैकड़ों की संख्या में भीम सेना के कार्यकर्ता मौजूद थे।

तंवर ने आरोप लगाया कि जैसे ही हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी को मालूम चला कि वे ढिगावा मंडी लोहारू धरने शामिल होने जा रहे हैं, तो सतपाल तंवर की सुरक्षा में 24 घंटे तैनात हरियाणा पुलिस के कमांडो को सिधरावली स्थित ओल्ड राव होटल पर रोक लिया गया। बाद में गुरुग्राम पुलिस की एक टीम कमांडो को अपने साथ सतपाल तंवर के घर लेकर गए और वहां घर में कमांडो के फोटो शूट करके हरियाणा सरकार को भेजे गए। तंवर ने मुख्यमंत्री नायब सैनी पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी सरकार उनकी हत्या की साजिश रच रही है। तंवर ने कहा कि यदि उन्हें कुछ भी हुआ तो मुख्यमंत्री नायब सैनी उनकी मौत के जिम्मेदार होंगे। सतपाल तंवर के इस बयान ने हरियाणा की राजनीति में गर्मी बढ़ा दी है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.