अबरार अहमद खान, भोपाल, NIT;
भोपाल में नए साल के जश्न के दौरान किसी भी तरह के हादसे को रोकने के लिए पुलिस ने सभी आयोजकों, ढाबे, होटल और फॉर्म हाउस संचालकों को दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। डीआईजी संतोष कुमार सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम में बैठक के दौरान सभी थाना प्रभारियों को लगातार चैकिंग करने और सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस की 125 से अधिक टीमें आज शाम से ही शहर में चैकिंग व गश्त शुरू कर देंगी। फिक्स्ड चैकिंग प्वाइंट पर तीन सवारियों और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। अन्य टीमें होटल, ढाबे, फॉर्म हाउस, हॉस्टल व अन्य पार्टी स्थानों की चैकिंग करेंगी।
जश्न के दौरान पार्टी मनाने पर किसी तरह की रोक नहीं रहेगी, लेकिन डीजे और तेज स्वर में बजाए जाने वाले गानों पर रोक रहेगी। यह नियमानुसार ही संचालित किए जा सकेंगे। डीआईजी ने सभी थाना प्रभारियों को नियमों का सख्ती से पालन कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस की नजर मुख्य रूप से एमपी नगर, पिपलानी, मिसरोद, रातीबड़ टीटी नगर, बिलखिरिया, खजूरी सड़क, कोहेफिजा और हनुमानगंज इलाके में रहेगी।
