वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

उच्च रक्त चाप माह एवं विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी खीरी के जिला एनसीडी सेल में सीएमओ की अध्यक्षता में टाॅक शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय के फिजिशियन डॉ शिशिर पाण्डेय, मनोरोग चिकित्सक डॉ दीपा सिंह, चिकित्सा अधिकारी डॉ रचित मिश्रा एवं क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट स्तुति कक्कड़ द्वारा जनमानस की उच्च रक्त चाप एवं तम्बाकू से सम्बन्धित बीमारियों के विषय पर परामर्श दिया गया। कार्यक्रम के दौरान नोडल अधिकारी जिला एनसीडी सेल डॉ रवी मोहन गुप्ता, इपीडिमियोलॉजिस्ट डॉ राकेश कुमार गुप्ता, एफएलसी विजय वर्मा आदि उपस्थित रहे। टॉक शो के दौरान 31 व्यक्तियों को विभिन्न चिकित्सीय समस्याओं हेतु परामर्श दिया गया।

तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में नोडल अधिकारी जिला एनसीडी सेल की अध्यक्षता में संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न स्वैच्छिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों को मानव शरीर पर तम्बाकू उपभोग से होने वाले दुष्प्रभावों पर चर्चा की गयी तथा तम्बाकू छोड़ने के लिये प्रेरित किया गया। जनपद में कलेक्ट्रेट परिसर की चहारदीवारी से 500 मीटर के दायरे में तथा विद्यालयों की चहारदीवारी से 100 मीटर के दायरे में तम्बाकू उत्पाद बेंच रहे 34 दुकानदारों से कोटपा अधिनियम का उल्लंघन करने पर 6800 रुपए जुर्माने के रूप में उपनिरीक्षक रामअवतार, सिपाही राजेश एवं उनकी टीम के साथ जिला एनसीडी सेल से एफएलसी विजय वर्मा एवं अतुल पाण्डेय मानसिक सोशल वर्कर द्वारा छापेमारी कर वसूला गया। वहीं विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के एक दिवस पूर्व तमाशा सांस्कृतिक दल द्वारा नोडल अधिकारी एनसीडी सेल, विजय वर्मा एफएलसी एवं अभिषेक कश्यप डाटा इंट्री आपरेटर की उपस्थिति में नुक्कड नाटक का आयोजन किया गया, जिसमे कलाकारों द्वारा जनमानस को हाइपरटेंशन के विषय पर बचाव जांच एवं उपचार हेतु जागरूक किया गया।

