मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

बोहरा समाज के धर्मगुरु हिज हॉलिनेस क़िब्ला के कुशल मार्गदर्शन में संचालित सैफी गोल्डन जुबिली क़ादरिया कॉलेज (SGJQ) बुरहानपुर की बी.एच.एससी (होम साइंस) अंतिम वर्ष की छात्रा खदीजा अब्बास होशंगाबादवाला ने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर (DAVV) द्वारा घोषित होम साइंस संकाय के परीक्षा परिणाम में विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान हासिल कर कॉलेज, परिवार व बुरहानपुर जिले का नाम रोशन किया है। छात्रा की इस उपलब्धि पर संस्था सचिव श्री मुल्ला अली असगर टाकलीवाला ने छात्रा व महाविद्यालय परिवार को बधाई प्रेषित कर शुभकामनाएं दी हैं।
कालेज के डायरेक्टर डॉक्टर युसूफ तालिब ने छात्रा के प्रवीण सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर बधाई दी व अन्य संकाय के
छात्र छात्राओं को ऐसा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य मोहम्मद इस्माईल बफाती ने कहा कि कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण से खदीजा होशंगाबादवाला इस मक़ाम तक पहुंची है और यह उपलब्धि न केवल आपकी व्यक्तिगत सफलता है बल्कि आपके परिवार, शिक्षकों और संस्था के लिए भी गर्व की बात है। क़ादरिया कॉलेज परिवार कि ओर से खदीजा होशंगाबादवाला को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं।
