मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम विभाग के मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने जुन्नारदेव में चल रहे ग्रीष्मकालीन वॉलीबॉल प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों से मुलाकात की और उन्हें खेलों से जुड़े रहने की प्रेरणा दी। इस दौरान छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू, शेषराव यादव, महापौर विक्रम अहके, एसडीएम कामिनी ठाकुर सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे। मंत्री पटेल ने कहा कि मैदान से जुड़ाव हमें संघर्ष करना सिखाता है और यही संघर्ष आगे चलकर जीवन के हर क्षेत्र में सफलता दिलाता है। छात्र जीवन में खेलों का विशेष महत्व बताते हुए उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास करते रहने का आह्वान किया।

मंत्री पटेल ने आयोजन समिति को 37 वर्षों से निरंतर इस शिविर का सफल आयोजन करने के लिए बधाई भी दी। उल्लेखनीय है कि यह निशुल्क प्रशिक्षण शिविर वर्ष 1989 में स्व. एस.एस. शर्मा द्वारा प्रारंभ किया गया था, जो अब जुन्नारदेव की पहचान बन चुका है। इस वर्ष भी यह शिविर उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में संचालित हो रहा है, जिसमें करीब 250 छात्र-छात्राएं नौ मैदानों पर 50 वॉलीबॉल के साथ प्रशिक्षण ले रहे हैं। प्रशिक्षकों में अनुरोध शर्मा, अनुराग शर्मा, धनंजय चौरसिया, राजीव गौतम, आकिब खान, परितोष चौरसिया, संजय बामने, नमन साहू, विभा तारण और सादिक कुरैशी आदि उपस्थित थे।

