मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल बुरहानपुर द्वारा 19 अप्रैल 2025 को बुरहानपुर के मरीचिका गार्डन और मध्य रेलवे के बुरहानपुर स्टेशन पर किडनी दान को लेकर लोगों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से समाज सेवियों, बुद्धिजीवी वर्ग से भेंट एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस के तहत आयोजकों ने मध्य रेलवे बुरहानपुर के अधिकारियों और कर्मचारियों में सर्वश्री स्टेशन अधीक्षक कॉमरेड पुष्पेंद्र कापड़े एवं मुख्य टिकट निरीक्षक शकील अहमद सिद्दीकी सहित अन्य सहयोगी स्टाफ के माध्यम से आम जनता को जागरूक किया गया, साथ ही इस नाटक के माध्यम से आमजन को किडनी दान के महत्व, प्रक्रिया और इससे जुड़ी भ्रांतियों के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर कई लोगों ने किडनी दान और डायलिसिस से जुड़ी सामान्य जानकारी भी पूछी, जिसका विशेषज्ञों द्वारा सहज एवं विस्तृत उत्तर दिया गया। ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल बुरहानपुर को हाल ही में किडनी ट्रांसप्लांट की अनुमति प्राप्त हुई है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में संस्था ने यह जागरूकता अभियान शुरू किया है। हॉस्पिटल के युवा डायरेक्टर कबीर चौकसे ने बताया कि, “हम समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए शहर के प्रमुख स्थानों पर ऐसे और भी नाटक आयोजित करेंगे, जिससे अधिक से अधिक लोग किडनी दान को लेकर जागरूक हों और ज़रूरतमंदों को नया जीवन मिल सके।” यह पहल न केवल एक प्रेरणादायक क़दम है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

