मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने गत वर्ष आई गर्रा नदी में भीषण बाढ़ से प्रभावित हुए क्षेत्रों के भविष्य में निपटने के लिए बचाव कार्यों के संबंध में ककरा स्थित नगर निगम गेस्ट हाउस में नगर आयुक्त डॉ0 विपिन कुमार मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 अपराजिता सिंह सहित संबंधित अधिकारियों एवं अधीक्षण एवं अधिशासी अभियंताओं के साथ बैठक आयोजित की गयी। बैठक के दौरान बचाव कार्य के लिए तैयार किए गए प्रस्तावों पर चर्चा कर संबंधित अधिकारियों एवं अधीक्षक, अधिशासी अभियंताओं को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ककरा से बन रहे पलिया मार्ग बाईपास तक मार्ग को ऊंचा किया जाए तथा बाईपास में बड़े-बड़े कर्ल्वट बनाए जाए। उन्होंने खन्नौत एवं गर्रा नदियां जहां दोनों मिली हैं वहां का भी सर्वे कर बाढ़ का पानी निकालने के लिए उचित प्रबंध करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि ककरा से निकलने वाली नहर का भौतिक सर्वे कर खुदाई की कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को बन रहे पलिया बाईपास तक बरेली मोड़ से नगरिया मोड नेशनल हाईवे पर बने कर्ल्वट एवं आवश्यकता अनुसार नए कल्वर्ट निर्माण के लिए सर्वे कर अवगत कराने हेतु निर्देशित किया।
उन्होंने रेलवे लाइन से गर्रा नदी तक बांध सुरक्षात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं को निर्देशित किया कि तय हुए सभी कार्य अच्छे से किए जाएं जिससे भविष्य में गत वर्ष जैसी बाढ़ आने पर लोगों को कोई समस्या ना हो। साथ ही जिलाधिकारी ने बाढ़ से बचाव हेतु चिन्हित स्थानों का स्थलीय निरीक्षण भी किया।

