निहाल चौधरी, इटवा/सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:
जनपद में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच इटवा पुलिस और जनपदीय एंटी थेफ्ट टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात, अवैध तमंचा, कारतूस, नकदी और चोरी की मोटरसाइकिल सहित कई सामान बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश पर, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी इटवा पवीन प्रकाश के पर्यवेक्षण में इटवा थाना प्रभारी और एंटी थेफ्ट टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कई चोरी की घटनाओं में शामिल एक चोर मोटरसाइकिल से दोबारा चोरी करने के इरादे से जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भुतहवा-बहुती मार्ग पर ग्राम भुतहवा तिराहे के पास घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की। पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम राकेश लोध (38 वर्ष) पुत्र राजदेव, निवासी कठही, थाना जोगिया उदयपुर, जनपद सिद्धार्थनगर बताया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी तमंचा (12 बोर), दो जिंदा कारतूस, 12,500 रुपये नकद, चोरी की मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के जेवरात, डीवीआर और ताला तोड़ने के उपकरण बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी इटवा समेत आसपास के थाना क्षेत्रों में हुई कई चोरी की घटनाओं में शामिल था। उसकी गिरफ्तारी से इटवा, चिल्हिया, कठेला समय माता और गोरखपुर जनपद के कैम्पियरगंज थाना क्षेत्र में दर्ज कुल पांच मामलों का खुलासा हुआ है।
बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना इटवा में मु0अ0सं0 37/2026 धारा 317(2)/318/319/339 बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रविंद्र सिंह, एंटी थेफ्ट टीम प्रभारी उ0नि0 नारायणलाल श्रीवास्तव, निरीक्षक अपराध संतोष कुमार त्रिपाठी सहित इटवा थाना और एंटी थेफ्ट टीम के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

