मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
बुरहानपुर ज़िले में पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार के नेतृत्व में की गई चाक-चौबंद पुलिस व्यवस्था के कारण होली और धुलेंडी का त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पूरे जिले में पुलिस प्रशासन की सतर्कता और बेहतर प्रबंधन के चलते कहीं भी कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई।
पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार ने स्वयं जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
होली के अवसर पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में मजबूत सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी। पुलिस बल द्वारा मुख्य बाजारों, धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों और प्रमुख चौक-चौराहों पर लगातार निगरानी रखी गई।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। साथ ही ड्रोन कैमरों की मदद से भी निगरानी रखी गई, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
होली और धुलेंडी के अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अंतर सिंह कनेश और नगर पुलिस अधीक्षक श्री गौरव पाटिल के मार्गदर्शन में जिलेभर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे।
अधिकारियों ने फील्ड में रहकर संवेदनशील क्षेत्रों, मुख्य बाजारों, धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों और प्रमुख चौक-चौराहों का लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
साथ ही सुरक्षा व्यवस्था में तैनात अधिकारी-कर्मचारियों को समय-समय पर आवश्यक निर्देश दिए जाते रहे, जिससे पूरे जिले में शांति और व्यवस्था बनी रही।
पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार ने कानून-व्यवस्था में तैनात अधिकारी-कर्मचारियों की मुस्तैदी की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। वहीं बुरहानपुर जिले के नागरिकों ने भी पुलिस प्रशासन की सतर्कता और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की प्रशंसा की।

