आशिफ शाह, ब्यूरो चीफ, भिंड (मप्र), NIT:

भिण्ड जिले में एसडीईआरएफ और होमगार्ड के जवान श्री प्रवीण कुशवाह एवं श्री हरदास सिंह चौहान को सैन्य सम्मान के साथ शुक्रवार को अंतिम विदाई दी गई।
रेस्क्यू के दौरान नाव पलटने से दोनों जवानों की तेज बहाव में बह जाने से मृत्यु हो गई। जवान श्री प्रवीण कुशवाह का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव खरिका पहुंचा एवं जवान श्री हरदास सिंह चौहान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव किटी पहुंचा जहां सैनिक सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
उल्लेखनीय है कि कुंवारी नदी में ग्रामीणों के फंसे होने की सूचना मिलने पर एसडीईआरएफ के जवान मौके पर पहुंचे थे। रेस्क्यू के दौरान दुर्भाग्यवश नाव पलटने से एसडीईआरएफ और होमगार्ड का एक-एक जवान की तेज बहाव में बह जाने से मृत्यु हो गई।
ग्राम खरिका में जवान श्री प्रवीण कुशवाह के पार्थिव देह पर कलेक्टर श्री संजीव श्रीवास्तव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संजीव पाठक, एसडीएम भिण्ड श्री अखिलेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीण जनों ने पुष्प चक्कर चढ़ाकर सैनिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी।
ग्राम किटी में जवान श्री हरदास सिंह चौहान के पार्थिव देह पर एसडीएम गोहद श्री पराग जैन, एसडीओपी गोहद सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीण जनों ने पुष्प चक्कर चढ़ाकर सैनिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी।

